चारधाम यात्रा: केदारनाथ धाम के 21 अप्रैल से हेली सेवा शटल शुरू करने की तैयारी, टिकटों की बिक्री 10 से 12 अप्रैल के बीच होगी शुरू


देहरादून:- चारधाम यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। केदारनाथ धाम के लिए इस वर्ष हेली शटल सेवा 21 अप्रैल से शुरू करने की तैयारी की जा रही है।

उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास परिषद (यूकाडा) इसके लिए अंतिम रूप देने में जुटा है। अधिकारियों के अनुसार जल्द ही नागरिक उड्डयन महानिदेशालय के साथ बैठक होगी, जिसके बाद हेली सेवाओं की तिथि और सुरक्षित उड़ान के लिए (SOP) जारी कर दी जाएगी।
हर साल की तरह इस बार भी गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा से केदारनाथ के लिए हेली सेवाएं संचालित होंगी। यूकाडा ने हेली कंपनियों का चयन कर लिया है और किराया भी तय कर दिया गया है।
यात्रियों के लिए राहत की बात यह है कि हेली टिकटों की बुकिंग 10 से 12 अप्रैल के बीच शुरू कर दी जाएगी। टिकट बुकिंग की जिम्मेदारी भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम को सौंपी गई है, जिसके लिए यूकाडा और आईआरसीटीसी के बीच बातचीत चल रही है।
गौरतलब है कि केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। ऐसे में यूकाडा 21 अप्रैल से ही हेली सेवाएं शुरू करने की तैयारी कर रहा है, ताकि कपाट खुलने के साथ ही श्रद्धालु आसानी से बाबा केदार के दर्शन कर सकें।
यूकाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष चौहान ने बताया कि डीजीसीए के साथ बैठक के बाद हेली सेवा की अंतिम तिथि और एसओपी जारी कर दी जाएगी।










