देहरादून के जिलाधिकारी ने हरिद्वार में की छापेमारी की कार्रवाई, पुलिस ने चार नाबालिगों से काम कराने पर तीन लोगों के खिलाफ किया मुकदमा दर्ज


देहरादून/हरिद्वार:- देहरादून के जिलाधिकारी सविन बंसल ने हरिद्वार के भगवानपुर के महाड़ी चौक स्थित पोषण सामग्री आपूर्ति केंद्र के गोदाम पर छापा मारा। पुलिस ने गोदाम में चार नाबालिगों से काम कराए जाने के मामले में गोदाम का संचालन कर रहे तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

बृहस्पतिवार को देहरादून के जिलाधिकारी सविन बंसल ने महाड़ी चौक स्थित गोदाम का औचक निरीक्षण किया था। वहां से आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए पोषण सामग्री सप्लाई की जाती है। निरीक्षण के दौरान डीएम ने देखा कि गोदाम में भारी सामान की लोडिंग के लिए चार नाबालिग बच्चों से काम कराया जा रहा था। इस गंभीर लापरवाही और कानून के उल्लंघन पर उन्होंने तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
रुड़की के श्रम परिवर्तन अधिकारी अनिल कुमार पुरोहित की रिपोर्ट पर भगवानपुर पुलिस ने दीपिका पाल, पंकज कुमार, निवासी मंडावर और संदीप पाल निवासी भगवानपुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है








