डायल 112 का दुरुपयोग करना युवक को पड़ा भारी , झूठी चाकूबाजी की सूचना देने पर पुलिस ने आरोपी का किया ₹5000 का चालान


हल्द्वानी:- पुलिस ने “डायल 112” का दुरुपयोग करने वाले एक युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने झूठी चाकूबाजी की सूचना देने पर आरोपी का ₹5000 का चालान किया।

जानकारी के अनुसार 29 मार्च 2026 को दोपहर करीब 3:11 बजे ‘डायल 112’ पर सूचना मिली कि भोटियापड़ाव के वैलेजली लॉज क्षेत्र में एक व्यक्ति पर चाकू से हमला हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन जांच में मामला पूरी तरह झूठा निकला।
मौके पर मौजूद सूचनाकर्ता राहुल चौहान शराब के नशे में मिला। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने पुलिस को गुमराह करने के लिए झूठी कॉल की थी। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 83 के तहत मौके पर ही ₹5000 का चालान कर दिया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ‘डायल 112’ आपातकालीन सेवा है और इसका दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।








