नैनीताल पुलिस ने 37.48 लाख रुपए के 200 फोन किये बरामद, एसएसपी ने रिकवरी टीम को किया सम्मानित


हल्द्वानी:- जिले की पुलिस ने ‘खोया-पाया’ अभियान के तहत उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए जनवरी से मार्च 2026 के बीच गुम हुए 200 मोबाइल फोन बरामद किये और उनके असली मालिकों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 37.48 लाख रुपये है। इस कार्रवाई से 200 लोगों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौट आई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में मोबाइल रिकवरी अभियान को तेज किया गया। मोबाइल ऐप और CEIR पोर्टल के माध्यम से मिली शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए जनपद स्तर पर गठित मोबाइल ऐप (साइबर सेल) टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चन्द्र एवं मनोज कत्याल के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में टीम ने कार्य किया। उपनिरीक्षक मीनू गौतम के नेतृत्व में साइबर सेल ने IMEI नंबर के आधार पर ट्रैकिंगकर मोबाइल फोन उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों से बरामद किए।
बरामद मोबाइलों में आईफोन, सैमसंग, ओप्पो, वनप्लस, रियलमी, वीवो समेत अन्य ब्रांड शामिल हैं। कुल 200 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 37,48,000 रुपये आंकी गई है।
मोबाइल वापस मिलने पर शिकायतकर्ताओं ने नैनीताल पुलिस का आभार जताया। इस सराहनीय कार्य के लिए एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने मोबाइल रिकवरी टीम को 1500 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।








