नैनीताल पुलिस की नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 36 लाख रुपए की स्मैक के साथ एक अभियुक्त को किया गिरफ्तार


हल्द्वानी:- ‘ड्रग फ्री देवभूमि मिशन’ को धरातल पर उतारते हुए नैनीताल पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में बनभूलपुरा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने 121 ग्राम स्मैक के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की बाजार कीमत करीब 36 लाख रुपये आंकी गई है।

गौला बाईपास से दबोचा तस्कर
22 फरवरी को पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल व क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान गौला बाईपास रोड के पास एक संदिग्ध युवक को पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास से 121 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार अभियुक्तः
मोहम्मद उमेर (24 वर्ष), निवासी अजीज गली, थाना बहेड़ी, जिला बरेली (हाल निवासी टांडा, शेखपुरा)। अभियुक्त के खिलाफ कोतवाली बनभूलपुरा में एफआईआर संख्या 31/26, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है।
नवंबर से अब तक 55 तस्करों पर कसा शिकंजा
एसएसपी के कुशल नेतृत्व में नवंबर माह से अब तक 55 नशा तस्करों के खिलाफ 44 अभियोग दर्ज किए गए हैं। इस दौरान पुलिस ने 7.96 किलो चरस, 768.32 ग्राम स्मैक, 83 किलो गांजा, 180 नशीली गोलियां, 24 कैप्सूल और 993 नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं।
अन्य क्षेत्रों में भी कार्रवाई
■ रामनगरः 9.84 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
■ लालकुआं: 7.68 ग्राम स्मैक के साथ दो अभियुक्त गिरफ्तार
पुलिस टीम को सम्मान
इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक मनोज यादव, कांस्टेबल दिलशाद अहमद, कांस्टेबल भूपेंद्र जेष्ठा (एसओजी) और कांस्टेबल संतोष बिष्ट शामिल रहे। एसएसपी द्वारा टीम को 2000 रुपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।
एसएसपी ने स्पष्ट कहा है कि “नशे का कारोबार करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। हमारा लक्ष्य नैनीताल जिले को पूरी तरह नशामुक्त बनाना है। पुलिस की यह सख्त कार्रवाई नशा तस्करों के लिए स्पष्ट चेतावनी है।









