पुलिस ने चंदन तस्करों का किया पर्दाफाश, जेल में बना था प्लान, चोरी की लकड़ी को कानपुर जाकर बेचने की थी योजना


हल्द्वानी:- जिले में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत हल्द्वानी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के सख्त निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चंदन चोरी के एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है।

एसपी सिटी मनोज कत्याल के दिशा-निर्देशन और क्षेत्राधिकारी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले का खुलासा किया।
ऐसे हुआ खुलासा
20 जनवरी 2026 को रामपुर रोड स्थित डालाकोटी कंपाउंड निवासी उमेश चंद्र डालाकोटी ने कोतवाली हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके परिसर से अज्ञात चोर कीमती चंदन का पेड़ काटकर ले गए हैं। मामले में एफआईआर संख्या 24/2026 धारा 305 (ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने सीसीटीवी सर्विलांस और मैनुअल इंटेलिजेंस के जरिए 22 फरवरी को सुशीला तिवारी अस्पताल तिराहे के पास से आरोपी कमल ढाली को धर दबोचा।
बरामदगी ने खोला राज
अभियुक्त की निशानदेही पर चोरी किए गए चंदन की लकड़ी के 6 टुकड़े, एक आरी, बसुली, रेती और चार दस्ताने बरामद किए गए। बरामद लकड़ी का घटनास्थल पर मौजूद ठूंठ से मिलान करने पर नाप और बनावट हूबहू पाई गई, जिससे चोरी की पुष्टि हो गई।
जेल में बनी थी साजिश
पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि जेल में उसकी मुलाकात इन्द्रजीत राय नामक अपराधी से हुई थी, जिसने पहले भी तस्करी की वारदातें की हैं।
19 जनवरी की रात दोनों यामाहा R15 (UK04AQ7350) से हल्द्वानी पहुंचे और डालाकोटी कंपाउंड में पेड़ काट डाला। पकड़े जाने के डर से उन्होंने सीसीटीवी कैमरों के तार भी काट दिए। चोरी की लकड़ी को कानपुर ले जाकर करीब ₹1800 प्रति किलो के हिसाब से बेचने की योजना थी।
गिरफ्तार आरोपी
कमल ढाली पुत्र किशनो ढाली, निवासी सूरज फार्म ओझा, थाना बिलासपुर, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश)।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
चौकी मंगलपड़ाव की टीम- उप निरीक्षक गौरव जोशी (चौकी प्रभारी), अपर – उप निरीक्षक मान सिंह, कांस्टेबल 566 कमलेश सिंह नौला, कांस्टेबल 65 संतोष बिष्ट।









