उत्तराखंड: प्रदेश में मौसम का बदला मिजाज, पहाड़ से लेकर मैदान तक तापमान सामान्य, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना

देहरादून:- मौसम के बदलते पैटर्न का असर उत्तराखंड के तापमान पर साफ दिखाई दे रहा है। अक्टूबर के आखिरी दिनों में हुई बारिश और बर्फबारी के बाद नवंबर के पहले सप्ताह में कुछ दिनों तक ठंड का असर बढ़ा, लेकिन बीते कुछ दिनों से मैदान से लेकर पहाड़ तक तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। दिन में चटक धूप खिलने से ठंड का अहसास भी कम हो गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश में आने वाले दिनों में हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। इससे पर्वतीय क्षेत्रों के तापमान में गिरावट आ सकती है, जबकि मैदानी इलाकों में फिलहाल सुबह और शाम के समय ही ठंड महसूस होगी।
मौसम केंद्र ने 10 नवंबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश का अनुमान जताया है। वहीं, 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की भी संभावना है। 14 नवंबर तक प्रदेश भर में मौसम का मिजाज इसी तरह बने रहने का अनुमान है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पहाड़ी क्षेत्रों में होने वाले मौसमी बदलाव का मैदानी इलाकों के तापमान पर फिलहाल ज्यादा असर नहीं पड़ेगा। सोमवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री अधिक 14.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
प्रदेश के अन्य इलाकों में भी तापमान लगभग ऐसा ही रहा। दिन भर चटक धूप खिलने से लोगों को दिन के समय ठंड से राहत मिली। ऐसे में पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी के बावजूद मैदानी क्षेत्रों में फिलहाल कड़ाके की ठंड के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा।










