पीएससी परिसर में 25 वर्षीय प्रशिक्षु जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, संबंधित लोगों से पूछताछ जारी

रुद्रपुर:- यहां पर 46वीं वाहिनी पीएसी परिसर में एक 25 वर्षीय प्रशिक्षु जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जवान के शरीर पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या और हत्या समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, विष्णु कुमार पिछले छह महीने से 46वीं वाहिनी पीएसी परिसर में रहकर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहा था। उसका परिवार हरिद्वार में रहता है। प्रशिक्षण के चलते वह इस बार दिवाली पर घर नहीं जा सका था। शनिवार देर शाम उसकी अपने पिता हरीश राम से फोन पर बातचीत हुई थी। पिता के मुताबिक, बातचीत के दौरान बेटे ने सामान्य तरीके से बात की थी और उन्हें किसी तरह की परेशानी का कोई अंदेशा नहीं हुआ था।
दिवाली की सुबह जवान का शव मिलने की सूचना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। साथ ही जवान के साथ प्रशिक्षण ले रहे अन्य प्रशिक्षुओं और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।

मामले की जांच पंतनगर पुलिस कर रही है। पुलिस अधिकारी घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रहे हैं। शरीर पर मिले चोटों के निशानों की प्रकृति और मौत की वास्तविक वजह जानने के लिए पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
उधर, बेटे की मौत की खबर मिलने के बाद पिता हरीश राम ने घटना को संदिग्ध बताते हुए अनहोनी की आशंका जताई है। उनका कहना है कि रुद्रपुर पहुंचकर बेटे का शव देखने के बाद ही वह स्थिति के बारे में कुछ कह पाएंगे।
पीएसी जैसे सुरक्षित परिसर में प्रशिक्षु जवान की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर दिवाली की रात ऐसा क्या हुआ कि सुबह जवान का शव मिला और शरीर पर चोटों के निशान कैसे आए, क्या यह आत्महत्या है या अन्य घटना है, फिलहाल इन सवालों का जवाब पुलिस जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा।










