Medical
उत्तराखण्डदेहरादून

युवाओं के लिए अच्छी खबर: उत्तराखंड लोअर पीसीएस के 54 पदों पर भर्ती, 26 नवंबर तक कर सकते हैं आवेदन

ADVERTISEMENTS Ad

देहरादून:-  उत्तराखंड के युवाओं के लिए अच्छी खबर आ रही है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) ने लोअर पीसीएस-2026 का भर्ती विज्ञापन जारी कर दिया है। प्रदेश के विभिन्न विभागों में नायब तहसीलदार, आबकारी निरीक्षक, पूर्ति निरीक्षक और विपणन निरीक्षक समेत आठ श्रेणियों के 54 पदों पर भर्ती की जाएगी। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया छह नवंबर से शुरू हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 26 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं।

ADVERTISEMENTS Ad

भर्ती में सबसे अधिक 20 पद विपणन निरीक्षक के निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा नायब तहसीलदार के 13, श्रम प्रवर्तन अधिकारी और कर अधिकारी के पांच-पांच, आबकारी निरीक्षक और गन्ना विकास निरीक्षक के चार-चार, पूर्ति निरीक्षक के दो तथा ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक का एक पद शामिल है।

ADVERTISEMENTS Ad

19 शहरों में आयोजित की जाएगी प्रारंभिक परीक्षा

आयोग की ओर से प्रारंभिक परीक्षा प्रदेश के 19 शहरों में आयोजित की जाएगी। इसमें अल्मोड़ा, रानीखेत, बागेश्वर, चंपावत, हल्द्वानी, पिथौरागढ़, रुद्रपुर, खटीमा, देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार, रुड़की, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, पौड़ी, श्रीनगर, कोटद्वार और रुद्रप्रयाग को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  ल्वाड डोबा से गौनियारों मोटर मार्ग पर डामरीकरण के लिए तीन करोड़ पांच लाख स्वीकृत, जल्दी शुरू होगा कार्य
Ad

प्रारंभिक परीक्षा 150 अंकों की होगी। इसमें 150 प्रश्न पूछे जाएंगे और अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए दो घंटे का समय मिलेगा। प्रारंभिक परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा।

600 अंकों की होगी मुख्य परीक्षा, 75 अंक का होगा साक्षात्कार

लोअर पीसीएस की मुख्य परीक्षा में चार प्रश्नपत्र होंगे। भाषा एवं सामान्य हिंदी का प्रश्नपत्र 100 अंकों का होगा। निबंध के लिए भी 100 अंक निर्धारित किए गए हैं। सामान्य अध्ययन प्रथम और सामान्य अध्ययन द्वितीय के प्रश्नपत्र 200-200 अंकों के होंगे।

इस तरह मुख्य परीक्षा कुल 600 अंकों की होगी। इसके बाद 75 अंकों का साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा। मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर अभ्यर्थियों की अंतिम चयन प्रक्रिया पूरी होगी।

आवेदन शुल्क

अनारक्षित, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के अभ्यर्थियों को आवेदन के लिए 166.36 रुपये शुल्क देना होगा। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 76.36 रुपये निर्धारित किया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  गुलदार के हमले में पांच वर्षीय बालिका की मौत, क्षेत्र में दहशत का माहौल, विधायक और वन मंत्री के खिलाफ लोगों ने की नारेबाजी

भर्ती से जुड़ी महत्वपूर्ण तिथियां

● ऑनलाइन आवेदन शुरू: 06 नवंबर 2026
● आवेदन की अंतिम तिथि: 26 नवंबर 2026
● आवेदन पत्र में संशोधन: 03 से 12 दिसंबर 2026

किस पद पर कितनी भर्ती

> पदनाम और पदों की संख्या

■ नायब तहसीलदार 13
■ आबकारी निरीक्षक 04
■ पूर्ति निरीक्षक 02
■ विपणन निरीक्षक 20
■ श्रम प्रवर्तन अधिकारी 05
■ कर अधिकारी 05
■ ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक 01
■ गन्ना विकास निरीक्षक 04

>  कुल पद  54

लोअर पीसीएस भर्ती के विज्ञापन के जारी होने से प्रदेश में प्रशासनिक और विभागीय सेवाओं में जाने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को अवसर मिला है। इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

Anand Batra

Editor-in-Chief - Hills News (www.hillsnews.in)

यह भी पढ़ें 👉