उत्तराखंड में महिला कर्मचारियों को राहत, राज्य सरकार ने करवाचौथ पर कल गुरुवार को अवकाश किया घोषित

देहरादून:- उत्तराखंड में करवा चौथ का व्रत रखने वाली महिला कर्मचारियों के लिए राहत की खबर है। राज्य सरकार ने करवा चौथ के अवसर पर कल गुरुवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। सरकार के इस फैसले से महिला कर्मचारियों को त्योहार की तैयारियों, पूजा-अर्चना और पारिवारिक परंपराओं के निर्वहन के लिए समय मिल सकेगा।
करवा चौथ विवाहित महिलाओं के लिए विशेष महत्व रखने वाला पर्व है। इस दिन महिलाएं अपने पति की लंबी आयु, सुख-समृद्धि और खुशहाल दांपत्य जीवन की कामना के साथ निर्जला व्रत रखती हैं। सुबह से शुरू होने वाला यह व्रत शाम को चंद्रमा के दर्शन और पूजा के बाद खोला जाता है।
त्योहार को लेकर घरों में सुबह से ही तैयारियां शुरू हो जाती हैं। महिलाएं पूजा की थाली सजाने, आवश्यक सामग्री जुटाने और पारंपरिक परिधान व श्रृंगार की तैयारियों में जुटती हैं। शाम को चंद्रमा के दर्शन के बाद व्रत का पारण किया जाता है।
सरकार की ओर से सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने से व्रत रखने वाली महिला कर्मचारियों को कार्यालय की व्यस्तता से राहत मिलेगी और वे परिवार के साथ त्योहार मना सकेंगी।











