कैंची धाम में वीकेंड पर संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात प्लान लागू, निजी वाहनों को पार्किंग में रोककर शटल सेवा से भेजा जाएगा कैंची धाम

हल्द्वानी:- वीकेंड के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए श्री कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में यातायात पुलिस ने विशेष यातायात एवं डायवर्जन योजना तैयार की है। यह व्यवस्था 26 और 27 सितंबर को सुबह छह बजे से रात आठ बजे तक प्रभावी रहेगी। यातायात का दबाव बढ़ने पर परिस्थितियों के अनुसार प्लान में आवश्यक बदलाव भी किया जा सकेगा।
एसएसपी डॉ मंजूनाथ टीसी ने बताया कि
यातायात व्यवस्था के तहत हल्द्वानी की ओर से कैंची धाम जाने वाले बाहरी जनपदों और राज्यों के निजी वाहनों को भीमताल विकास भवन पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। यहां वाहन पार्क करने के बाद श्रद्धालुओं और पर्यटकों को स्थानीय शटल सेवा अथवा सार्वजनिक परिवहन के माध्यम से भवाली होते हुए कैंची धाम भेजा जाएगा। दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को शटल सेवा से वापस पार्किंग स्थल तक पहुंचाया जाएगा।
वहीं, नैनीताल और गेठिया की ओर से कैंची धाम आने वाले निजी वाहनों को भवाली सेनेटोरियम पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालुओं को शटल सेवा के जरिए कैंची धाम पहुंचाया जाएगा। इससे कैंची धाम और भवाली क्षेत्र में वाहनों की अनावश्यक भीड़ और जाम को नियंत्रित किया जा सकेगा।

यातायात दबाव को कम करने के लिए अल्मोड़ा और रानीखेत की ओर से हल्द्वानी आने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना क्षेत्र से डायवर्ट किया जाएगा। आवश्यकता के अनुसार इन वाहनों को रामगढ़ और मुक्तेश्वर होते हुए हल्द्वानी की ओर भेजा जाएगा। हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले आवश्यक सेवाओं से जुड़े भारी वाहनों को निर्धारित मार्ग से आवागमन की अनुमति रहेगी, जबकि अन्य भारी वाहनों को यातायात की स्थिति के अनुसार भवाली सेनेटोरियम तिराहे के पास रोककर चरणबद्ध तरीके से आगे भेजा जाएगा।
भवाली से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले चार पहिया वाहनों को यातायात की स्थिति के अनुसार रामगढ़ और खुटानी मोटर मार्ग से उनके गंतव्य की ओर भेजा जा सकेगा। पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए भी जरूरत पड़ने पर क्वारब-रामगढ़-रातीघाट बाईपास मार्ग का उपयोग कराया जाएगा।
वीकेंड के दौरान टैक्सी और व्यावसायिक वाहनों के कैंची धाम क्षेत्र में अनावश्यक प्रवेश पर रोक रहेगी। केवल निर्धारित और अधिकृत वाहनों को ही आवश्यकतानुसार प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। टैक्सी वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा कर यात्रियों को शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम भेजने की व्यवस्था रहेगी।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों के वाहनों को सड़क किनारे अथवा यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले स्थानों पर पार्क नहीं करने दिया जाएगा। भीमताल विकास भवन और भवाली सेनेटोरियम पार्किंग को प्राथमिकता से इस्तेमाल किया जाएगा। पार्किंग भरने पर वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था के अनुसार वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा।
आपात स्थिति में एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन, पुलिस वाहन और अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहनों के निर्बाध आवागमन के लिए विशेष व्यवस्था रखने का प्रयास किया जाएगा। यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं, पर्यटकों और वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग, डायवर्जन और शटल व्यवस्था का पालन करने तथा यातायात पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।










