छात्रा से छेड़छाड़ के आरोपों को लेकर हंगामा, मां ने कहा बेटी पर मामला खत्म करने का दबाव बनाया, प्रधानाचार्य ने कहा शिकायत मिलते ही शिक्षक को किया निलंबित
देहरादून:- निजी स्कूल में 11वीं की छात्रा से छेड़छाड़ के आरोपों को लेकर शुक्रवार को हंगामा हो गया। छात्रा की मां ने फिजिक्स के शिक्षक पर करीब डेढ़ महीने से बेटी को परेशान करने और गलत तरीके से छूने का आरोप लगाया है। मां का दावा है कि उन्होंने 15 अक्तूबर को 15 छात्राओं के हस्ताक्षर वाली लिखित शिकायत स्कूल प्रबंधन को सौंपी थी, लेकिन इसके बाद भी उनकी बेटी पर मामला खत्म करने का दबाव बनाया गया।
हालांकि, स्कूल के प्रधानाचार्य का कहना है कि शिकायत मिलने के अगले ही दिन आरोपी शिक्षक को निलंबित कर दिया गया था। मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। छात्रा की मां के अनुसार, बेटी ने उन्हें बताया था कि फिजिक्स का शिक्षक उसके साथ अनुचित व्यवहार करता है। मां का यह भी दावा है कि शिक्षक का व्यवहार अन्य छात्राओं के प्रति भी ठीक नहीं था। बच्चों के भविष्य और सामाजिक प्रतिष्ठा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने शुरुआत में शिकायत नहीं की।
मां ने आरोप लगाया कि 14 अक्तूबर को स्कूल पहुंचने में देरी होने पर शिक्षक उनकी बेटी को धक्का देते हुए प्रधानाचार्य के कक्ष तक ले गया। इसके बाद बेटी से पूरी बात जानने पर उन्होंने अगले दिन स्कूल पहुंचकर प्रधानाचार्य को लिखित शिकायत दी। शिकायत पर बेटी समेत 15 छात्राओं के हस्ताक्षर होने की बात कही है।

मां का आरोप है कि शिकायत के बाद प्रधानाचार्य ने बेटी की सुरक्षा का भरोसा दिलाया था और शिक्षक को नौकरी से हटाने की बात कही थी। लेकिन कुछ दिन बाद छात्रा को अपने कक्ष में बुलाया गया, जहां निदेशक ने कथित तौर पर उसे ही गलत ठहराया।
मां के मुताबिक, छात्रा को उसकी और उसके भाई की पढ़ाई प्रभावित होने का डर दिखाया गया। उसे यह भी कहा गया कि बीच सत्र में दूसरे स्कूल में दाखिला मिलना मुश्किल होगा। मां का आरोप है कि मामले को खत्म कराने के लिए खेलों से जुड़े बाहरी लोगों को भी शामिल किया गया, जबकि उनकी बेटी एथलेटिक्स की कई स्पर्धाओं में हिस्सा ले चुकी है।
मामले में कार्रवाई और बेटी के साथ हुए कथित व्यवहार से नाराज मां शुक्रवार को स्कूल पहुंचीं। उनका आरोप है कि स्कूल का गेट भीतर से बंद कर दिया गया और पुलिस को बुला लिया गया। मां के अनुसार, स्कूल प्रबंधन ने पुलिस को लिखित शिकायत दिए जाने की बात कही, लेकिन उन्हें शिकायत दिखाने से इनकार कर दिया मां ने कहा कि वह आज शनिवार को शिक्षा विभाग के अधिकारियों और जिलाधिकारी से मिलकर पूरे मामले की शिकायत करेंगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि निजी स्कूल में छात्रा से छेड़छाड़ का मामला संज्ञान में आया है। मामले की जांच की जा रही है। आरोप सही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, प्रधानाचार्य ने मां के आरोपों के बीच दावा किया है कि शिकायत मिलने के अगले ही दिन आरोपी शिक्षक को निलंबित कर दिया गया था।










