दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने गया किशोर भुजियाघाट गधेरे में बहा, नहाते समय हुआ हादसा, एनडीआरएफ की टीमें और जल पुलिस तलाश में जुटी
हल्द्वानी:- रामपुर रोड स्थित टीपीनगर निवासी 17 वर्षीय आदित्य भुजियाघाट के एक गधेरे में बह गया। वह अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ बर्थडे पार्टी मनाने के लिए गया हुआ था। कई घंटे बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला। देर रात तक बचाव दल तलाश करते रहे।
पुलिस के अनुसार, आदित्य का शनिवार को 17वां जन्मदिन था। वह दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ भुजियाघाट पहुंचा और यहां पार्टी शुरू की। कुछ देर बाद वह पास के ही गधेरे में नहाने के लिए उतर गया। तभी तेज बहाव के साथ पानी बढ़ता चला गया। उसके साथियों ने बाहर आने के लिए कहा लेकिन आदित्य गधेरे के बीच में था और तेजी से बढ़ता पानी उसे बहा ले गया।
दोस्तों की सूचना पर पुलिस और परिवार वाले पहुंचे। तुरंत एनडीआरएफ और जल पुलिस की टीम सक्रिय हुई और तलाश शुरू की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला।

भारी बारिश और मौसम विभाग का अलर्ट जारी होने के बावजूद लोग बाज नहीं आ रहे हैं। नतीजा यह है कि हादसों का शिकार होना पड़ रहा है। बीते दिनों पुलिस ने सख्त निर्देश जारी किए थे। साथ ही गौला नदी और उसके आसपास के संवेदनशील स्थानों पर जाने से रोक लगाई थी। यहां तक कि लोगों के यहां पहुंचने पर कार्रवाई करने की बात भी कही थी। इसके बावजूद लोग मनमानी करने से बाज नहीं आ रहे हैं ।
सीओ अमित कुमार सैनी ने कहा कि किशोर की तलाश में बचाव दल जुटे हुए हैं। शनिवार को अंधेरा होने तक सर्च अभियान चलाया गया था। रविवार को फिर से तलाश शुरू की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, और लगातार निगरानी भी रखी जा रही है।








