हरिद्वार में होगी आज मंत्रिमंडल की बैठक, कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मिल सकती है मंजूरी

हरिद्वार:- सीएम पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सोमवार को हरिद्वार में मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक होगी। केंद्रीय मेला नियंत्रण भवन में आयोजित होने वाली इस बैठक में स्वास्थ्य, आवास और शहरी विकास समेत विभिन्न विभागों के प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी। माना जा रहा है कि सरकार बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दे सकती है। इसके साथ ही आगामी विधानसभा सत्र को लेकर भी निर्णय होने की संभावना है।
कैबिनेट बैठक से पहले मुख्यमंत्री धामी सहित मंत्रिमंडल के सदस्य हरकी पैड़ी पर गंगा पूजन करेंगे। इसके बाद मेला नियंत्रण भवन में बैठक आयोजित होगी। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी जिलों में कैबिनेट बैठक करने की पहल की है। इसकी शुरुआत चंपावत जिले से हो चुकी है। हरिद्वार में होने वाली बैठक इस पहल की दूसरी कड़ी है।
बैठक में सबसे महत्वपूर्ण मुद्दों में आगामी विधानसभा सत्र भी शामिल है। सरकार को 30 अक्तूबर से पहले सत्र आहूत करना है। ऐसे में कैबिनेट बैठक में सत्र की तारीख और स्थान तय किए जाने की संभावना है। इसके अलावा विभिन्न विभागों के प्रस्तावों पर होने वाले फैसलों को लेकर भी लोगों की निगाहें टिकी हैं।
हरिद्वार में कैबिनेट बैठक संपन्न होने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे। वहां उनकी केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ बैठक प्रस्तावित है। इसमें उत्तराखंड की विभिन्न योजनाओं से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी।









