हादसा: दूध से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर खाई में गिरी, हादसे में तीन लोग घायल, बेहतर उपचार के लिए हल्द्वानी हायर सेंटर रेफर

भवाली:- आज सुबह मंगलवार तड़के कैंची धाम क्षेत्र में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। दूध से भरी पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के दौरान वाहन में सवार तीन लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला।
कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा ने बताया कि हादसा मंगलवार सुबह पांच बजे के लगभग हुआ। सूचना मिलते ही कैंची चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने रेस्क्यू कर वाहन में सवार अंकित सिंह (33) पुत्र सतपाल सिंह, निवासी शनि बाजार रोड, हल्द्वानी, बॉबी (22) पुत्र ओम प्रकाश, निवासी बड़ी मंडी, शनि बाजार, हल्द्वानी और मोहम्मद साकिब (11) पुत्र नफीस अहमद, निवासी हल्द्वानी को घायल अवस्था में बाहर निकाला।

पुलिस ने तीनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत को देखते हुए तीनों को बेहतर उपचार के लिए हल्द्वानी के हायर सेंटर रेफर कर दिया।
इस दौरान चौकी प्रभारी विजय कुमार, एसआई विजय कुमार, विनोद यादव और महेश गोस्वामी समेत पुलिसकर्मी मौजूद रहे।











