हादसा: बरसाती गधेरे को पार करते समय स्कूटी सवार दो युवक बहे, एक की मौत, दूसरा घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया पहुंचा

पिथौरागढ़:- पिथौरागढ़ में भारी बारिश के चलते एक दर्दनाक हादसा हो गया। अल्मोड़ा-बेरीनाग-थल मोटर मार्ग पर रविवार देर रात बरड़ बैंड के पास उफनते बरसाती गधेरे को पार करते समय स्कूटी सवार दो युवक तेज बहाव में बह गए। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे को घायल अवस्था में रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों युवक दारमा घाटी की यात्रा से लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर निवासी दो युवक स्कूटी से दारमा वैली घूमने गए थे। रविवार देर रात घर लौटते समय थल से करीब तीन किलोमीटर पहले बरड़ बैंड के पास यह हादसा हुआ। क्षेत्र में मूसलाधार बारिश के कारण बरड़ और थल के बीच बहने वाला बरसाती नाला अचानक उफान पर आ गया। सड़क पार करने के दौरान पानी का बहाव इतना तेज था कि दोनों युवक स्कूटी समेत गधेरे में बह गए।
रात का समय और सुनसान इलाका होने के कारण हादसे की तत्काल जानकारी नहीं मिल सकी। सूचना मिलने पर पुलिस ने बचाव कार्य की तैयारी की, लेकिन भारी बारिश और अंधेरे के चलते रात में अभियान चलाना संभव नहीं हो पाया।

सोमवार सुबह मौसम की स्थिति अनुकूल होने पर पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया। टीम ने गधेरे से एक युवक का शव बरामद कर लिया, जबकि दूसरे युवक को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया।
हादसे की सूचना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। लगातार बारिश के बीच उफनते बरसाती नालों को पार करना एक बार फिर जानलेवा साबित हो रहा है।








