Medical
राष्ट्रीय

हादसा: वैष्णो देवी जाने वाले हेलीपैड टर्मिनल में लगी भीषण आग, टिकट काउंटर और कॉफी शॉप को भारी नुकसान

ADVERTISEMENTS Ad

कटरा:- आज रविवार तड़के जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में स्थित माता वैष्णो देवी धाम के आधार शिविर कटरा में बड़ा हादसा हो गया। त्रिकूट पर्वत पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बने हेलीपैड टर्मिनल में अचानक भीषण आग लग गई।

ADVERTISEMENTS Ad

आग की चपेट में आने से टर्मिनल का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि टिकट काउंटर और वहां संचालित कॉफी शॉप को भी भारी नुकसान पहुंचा। सबसे ज्यादा राहत की बात यह रही कि आग जिस समय लगी, उस वक्त टर्मिनल बंद था और वहां श्रद्धालुओं की आवाजाही नहीं थी। ऐसे में हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

ADVERTISEMENTS Ad

अधिकारियों के अनुसार, हेलीपैड टर्मिनल परिसर में रविवार तड़के करीब 3:15 बजे आग लगी। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। परिसर से धुआं और आग की लपटें उठती देखकर सुरक्षाकर्मियों और कर्मचारियों ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

ADVERTISEMENTS Ad

सुरक्षाबलों और दमकल कर्मियों ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभालते हुए करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। त्वरित कार्रवाई के चलते आग को टर्मिनल के दूसरे हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया। इससे संभावित रूप से होने वाले बड़े नुकसान को टालने में मदद मिली।

आग से टर्मिनल के जिस हिस्से में टिकट काउंटर था, वहां रखे कई कंप्यूटर सिस्टम और अन्य सामान जल गए। इसके अलावा पास में संचालित कॉफी शॉप भी आग की चपेट में आ गई और उसका अधिकांश हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। टर्मिनल श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण ट्रांजिट प्वाइंट है, जहां से वैष्णो देवी यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर सेवाओं का संचालन किया जाता है।

फिलहाल प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर आग से हुए नुकसान का आकलन कर रहे हैं। आग के वास्तविक कारणों की भी जांच की जा रही है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि घटना का हेलीपैड से संचालित होने वाली हेलीकॉप्टर सेवाओं पर कितना असर पड़ेगा। अधिकारियों के मुताबिक स्थिति नियंत्रण में है और आवश्यक सुरक्षा जांच के बाद आगे की व्यवस्था तय की जाएगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

Anand Batra

Editor-in-Chief - Hills News (www.hillsnews.in)

यह भी पढ़ें 👉