उत्तराखण्ड

यमुनोत्री यात्रा के दौरान 82 वर्षीय बुजुर्ग की गई जान, यात्रा शुरू होने के बाद अब तक तीन श्रद्धालुओं की मौत, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ी

Ad

उत्तरकाशी:-  यमुनोत्री धाम यात्रा के दौरान बीते दिन शनिवार को एक और श्रद्धालु की मौत हो गई। तमिलनाडु निवासी 82 वर्षीय शम्भू केवल की यमुनोत्री पैदल मार्ग पर अचानक तबीयत बिगड़ने से जान चली गई। यात्रा शुरू होने के बाद अब तक तीन श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है, जिससे प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार, शम्भू केवल दर्शन कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान नौ कैंची के पास उन्हें अचानक घबराहट और सीने में तेज दर्द की शिकायत होने लगी। कुछ ही देर में वह बेहोश होकर रास्ते में गिर पड़े। मौके पर मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों और यात्रा ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों ने तुरंत प्राथमिक उपचार देकर उन्हें स्वास्थ्य केंद्र जानकीचट्टी पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. अखिल राणा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में श्रद्धालु की मौत हार्ट अटैक से होना सामने आया है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

चारधाम यात्रा के दौरान लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। विशेषज्ञों के अनुसार ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ऑक्सीजन की कमी, कठिन पैदल मार्ग और लगातार बढ़ती भीड़ बुजुर्ग श्रद्धालुओं और पहले से बीमार लोगों के लिए जोखिम पैदा कर रही है।

प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले स्वास्थ्य जांच अवश्य कराएं। खासतौर पर हृदय रोग, ब्लड प्रेशर और सांस संबंधी बीमारी से पीड़ित श्रद्धालुओं को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। अधिकारियों ने कहा कि यात्रा के दौरान पर्याप्त पानी पीते रहें और किसी भी तरह की परेशानी होने पर तुरंत मेडिकल टीम से संपर्क करें।


यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेडिकल टीमें और स्वास्थ्य शिविर तैनात किए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

ADVERTISEMENTS
Ad Ad Ad Ad
यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी के मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूलों का औचक निरीक्षण, अनियमितताएं पाए जाने पर दो को नोटिस जारी
Ad Ad Ad Ad

Anand Batra

Editor-in-Chief - Hills News (www.hillsnews.in)

यह भी पढ़ें 👉