Medical
उत्तराखण्डनैनीताल

नैनीताल की यातायात व्यवस्था में बदलाव: 1 अगस्त से माल रोड पर किसी भी वाहन का हॉर्न बजाना प्रतिबंधित, रूसी बाईपास पार्किंग हब के रूप में होगा विकसित

ADVERTISEMENTS Ad

नैनीताल:-  नैनीताल की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित और पर्यटकों के अनुकूल बनाने के लिए प्रशासन ने कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। 1 अगस्त 2026 से नैनीताल की ऐतिहासिक मॉल रोड पर किसी भी वाहन का हॉर्न बजाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ जुर्माना और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही रूसी बाईपास को आधुनिक पार्किंग हब के रूप में विकसित किया जाएगा, जबकि नैनीताल झील के चारों ओर नो-पार्किंग व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाएगा।

ADVERTISEMENTS Ad

ये निर्णय बुधवार को कुमाऊं कमिश्नर एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में आयोजित बैठक में लिए गए। बैठक का आयोजन उत्तराखण्ड उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में किया गया, जिसमें आईजी कुमाऊं, जिलाधिकारी, एसएसपी, परिवहन विभाग के अधिकारी, टैक्सी यूनियन और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad

मॉल रोड पर मिलेगा शांत वातावरण

ADVERTISEMENTS Ad

बैठक में मंडलायुक्त दीपक रावत ने कहा कि नैनीताल की मॉल रोड देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण है। यहां लोग झील और प्राकृतिक सौंदर्य का शांत वातावरण में आनंद लेने आते हैं, लेकिन वाहनों के अनावश्यक हॉर्न से ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है। इसे देखते हुए 1 अगस्त 2026 से मॉल रोड को ‘नो हॉर्न ज़ोन’ घोषित करने का निर्णय लिया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  वरिष्ठ नागरिक से हुई झपटमारी का पुलिस ने किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, एक लाख रुपए कीमत की अंगूठी बरामद

उन्होंने जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को आवश्यक आदेश जारी करने तथा इस नियम का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय लोगों और पर्यटकों को पहले से इसकी जानकारी मिल सके।

झील के आसपास नो-पार्किंग व्यवस्था होगी सख्त

बैठक में निर्णय लिया गया कि तल्लीताल डांठ से हनुमानगढ़ी बैंड तक पूरे क्षेत्र में नो-पार्किंग व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा। पुलिस और परिवहन विभाग को निर्देश दिए गए कि अवैध पार्किंग पर सख्ती से कार्रवाई कर यातायात को बाधा रहित बनाया जाए।

बिना फिटनेस वाले वाहनों पर चलेगा विशेष अभियान

सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए परिवहन और पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए कि बिना वैध फिटनेस प्रमाणपत्र वाले सरकारी और निजी वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाए। ऐसे वाहनों को तत्काल सीज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अवैध टैक्सी संचालन पर कसेगा शिकंजा

बैठक में निजी वाहनों से व्यावसायिक टैक्सी संचालन पर रोक लगाने के लिए संयुक्त अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। परिवहन विभाग और पुलिस मिलकर ऐसे वाहनों की पहचान करेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान सहित कड़ी कार्रवाई करेंगे।

यह भी पढ़ें 👉  नीती घाटी में तमक नाले का उफान छोड़ गया तबाही का मंजर: जीआरआईएफ का कर्मचारी दूसरे दिन भी लापता, खोज एवं बचाव अभियान जारी

रूसी बाईपास में बनेगा आधुनिक पार्किंग

पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रूसी बाईपास को आधुनिक और उच्च क्षमता वाली पार्किंग के रूप में विकसित करने का फैसला लिया गया। जिलाधिकारी को निर्माण एजेंसी का चयन कर विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार कराने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रस्तावित पार्किंग में शौचालय, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, दुकानों, सीसीटीवी निगरानी तथा अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे पर्यटकों और वाहन चालकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

मंडलायुक्त दीपक रावत ने कहा कि उच्च न्यायालय के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करना सभी विभागों की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्णयों को तय समय सीमा के भीतर लागू कर नैनीताल की यातायात व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और पर्यटक-अनुकूल बनाया जाए।

बैठक में आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्रा, सचिव जिला विकास प्राधिकरण मनीष कुमार, आरटीओ गुरदेव सिंह, अधिशासी अधिकारी रोहिताश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

Anand Batra

Editor-in-Chief - Hills News (www.hillsnews.in)

यह भी पढ़ें 👉