वारदात: गल्ला मंडी में युवक और युवती की पत्थरों से कुचलकर हत्या, वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे, जांच शुरू, भारी पुलिस बल तैनात


हल्द्वानी:- बरेली रोड स्थित नवीन मंडी की गल्ला मंडी में आज गुरुवार को सुबह दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां एक युवक और युवती की पत्थरों से कुचलकर निर्मम हत्या कर दी गई। सुबह मंडी पहुंचे लोगों ने जब दोनों के शव पड़े देखे तो इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी गई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक और युवती की बेरहमी से हत्या की गई है। घटनास्थल पर खून से सने पत्थर और संघर्ष के निशान मिले हैं, जिससे अंदेशा है कि वारदात को अंजाम देने से पहले दोनों के साथ मारपीट भी की गई हो।
मौके से युवक की दो आईडी बरामद हुई हैं। शुरुआती जांच में बताया जा रहा है कि युवक चंपावत जिले का रहने वाला है। युवती की पहचान की भी कोशिश की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के अलावा मंडी में काम करने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है।
दोहरे हत्याकांड की खबर फैलते ही इलाके में दहशत फैल गई। मंडी क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भय के साथ आक्रोश भी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








