कैंची धाम स्थापना दिवस: बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन के लिए सुबह से ही जन सैलाब उमड़ा, मुख्य मार्ग और मंदिर परिसर में लगी श्रद्धालुओं की लंबी कतारें, चप्पे-चप्पे पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था


नैनीताल/ भवाली:- विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में आज सोमवार को 62वां स्थापना दिवस श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मंदिर के कपाट खुलते ही हजारों भक्त बाबा के दर्शन के लिए कतारबद्ध हो गए। सुबह छह बजे तक 10 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर मालपुए का प्रसाद ग्रहण कर चुके थे, जबकि श्रद्धालुओं का आना लगातार जारी है।


स्थापना दिवस की शुरुआत सुबह पांच बजे बाबा नीब करौरी महाराज को पारंपरिक मालपुए का भोग अर्पित करने के साथ हुई। वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट खोल दिए गए। कपाट खुलने से पहले ही मंदिर परिसर और मुख्य मार्गों पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग चुकी थीं।
देश-विदेश से पहुंचे बाबा के भक्त “जय नीब करौरी बाबा” और “जय श्रीराम” के जयघोष के साथ मंदिर में प्रवेश कर रहे हैं। दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को मंदिर समिति और सेवादारों द्वारा मालपुए का प्रसाद वितरित किया जा रहा है। पूरे धाम में भक्ति और आस्था का वातावरण देखने को मिल रहा है।

भवाली मार्ग पर लगी एक किलोमीटर लंबी चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सभी बैरियरों, पार्किंग स्थलों और प्रमुख चौराहों पर पुलिस अधिकारी और जवान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को संभाल रहे हैं।
सुबह छह बजे के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में और अधिक वृद्धि होने लगी। भवाली की ओर से मंदिर तक करीब एक किलोमीटर लंबी कतार लग गई। इसके बावजूद श्रद्धालुओं में उत्साह कम नहीं हुआ और वे धैर्यपूर्वक अपनी बारी का इंतजार करते रहे।

प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से मंदिर में प्रवेश दिलाया जा रहा है। पुलिस और स्वयंसेवकों की टीम लगातार लोगों को दिशा-निर्देश देकर व्यवस्था बनाए रखने में जुटी हुई है।
डीएम और एसएसपी सुबह पांच बजे से मौके पर मौजूद
स्थापना दिवस को देखते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी सुबह पांच बजे से ही कैंची धाम में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। मंदिर परिसर से लेकर आसपास के सभी चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सभी बैरियरों, पार्किंग स्थलों और प्रमुख चौराहों पर पुलिस अधिकारी और जवान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को संभाल रहे हैं।
श्रद्धालुओं के लिए लगातार चल रही शटल सेवा
भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने विभिन्न स्थानों से शटल सेवा संचालित की है, जिससे श्रद्धालुओं को कैंची धाम तक पहुंचने में सुविधा मिल रही है।
शटल सेवा के प्रमुख प्वाइंट
सैनिटोरियम पार्किंग, भवाली
ब्लॉक पार्किंग, भीमताल
जंगलात बैरियर, भवाली
खैरना
पनीराम ढाबा
तल्लीताल टैक्सी स्टैंड
नगर निगम इंटर कॉलेज, काठगोदाम
रेलवे स्टेशन, काठगोदाम
रोडवेज और केमू स्टेशन, हल्द्वानी
प्रस्तावित आईएसबीटी पार्किंग, गौलापार
नैनीताल पुलिस ने की सहयोग की अपील
नैनीताल पुलिस ने श्रद्धालुओं से शांति और अनुशासन बनाए रखने की अपील की है। पुलिस प्रशासन ने कहा है कि सभी श्रद्धालु अपनी बारी का इंतजार करें, यातायात नियमों का पालन करें तथा पुलिस और स्वयंसेवकों द्वारा दिए जा रहे दिशा-निर्देशों का अनुसरण करें।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार किसी भी मार्ग पर श्रद्धालुओं को अनावश्यक रूप से नहीं रोका जा रहा है और सुगम दर्शन के लिए सभी व्यवस्थाएं लगातार संचालित की जा रही हैं।
कैंची धाम स्थापना दिवस पर इस बार देश ही नहीं बल्कि विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। बाबा नीब करौरी महाराज के प्रति अटूट आस्था रखने वाले भक्त देर रात से ही कतारों में लगे हुए थे। धाम में उमड़ी भीड़ यह साबित कर रही है कि बाबा के प्रति श्रद्धालुओं का विश्वास लगातार बढ़ता जा रहा है।










