निर्माणाधीन भवन के भीतर मानव नर कंकाल मिलने से इलाके में हड़कंप, नेपाली मूल के मजदूर के रूप में हुई पहचान, पुलिस मामले की जांच में जुटी


बागेश्वर:- कपकोट के मुख्य बाजार क्षेत्र में स्थित एक निर्माणाधीन भवन के भीतर मानव नर कंकाल मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में कंकाल की पहचान नेपाली मूल के एक मजदूर के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार रविवार सुबह एलआईयू की गुप्त सूचना पर पुलिस को बताया गया कि मुख्य बाजार में लंबे समय से बंद पड़ी एक निर्माणाधीन बिल्डिंग के अंदर मानव कंकाल पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रताप सिंह नगरकोटी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षित करते हुए जांच शुरू की। मामले की जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी मनीष शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कंकाल की पहचान नेपाली मूल के मजदूर विनोद (करीब 55 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पिछले लंबे समय से क्षेत्र में मजदूरी का काम करता था।
बताया जा रहा है कि विनोद पहले किसी मंदिर में रहता था, लेकिन बाद में बीमारी के चलते उसने नदी किनारे स्थित इस निर्माणाधीन भवन में शरण ले ली थी। आशंका जताई जा रही है कि लंबे समय से बीमार रहने के कारण उसकी मौत हो गई। शव पूरी तरह कंकाल में तब्दील हो चुका है, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि मौत काफी समय पहले हुई होगी।
पुलिस ने कंकाल का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बागेश्वर भेज दिया है। साथ ही मृतक के परिजनों की तलाश की जा रही है, ताकि उन्हें घटना की जानकारी दी जा सके। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।









