बिना जरूरी दस्तावेज और लाइसेंस के संचालित किए जा रहे क्लीनिकों के खिलाफ प्रशासन ने की कार्रवाई, तीन क्लीनिक को किया सील

हल्द्वानी:- बनभूलपुरा क्षेत्र में बिना जरूरी दस्तावेज और लाइसेंस के संचालित किए जा रहे क्लीनिकों के खिलाफ प्रशासन ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी और एसडीएम मोनिका आर्या के नेतृत्व में प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और थाना बनभूलपुरा पुलिस की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में संचालित क्लीनिकों का निरीक्षण किया। इस दौरान आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाने पर तीन क्लीनिकों को सील कर दिया गया।
टीम ने कार्रवाई के दौरान क्लीनिक संचालकों से पंजीकरण, लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जानकारी ली। जांच के दौरान तीन क्लीनिक संचालक मौके पर आवश्यक अभिलेख और पंजीकरण संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद प्रशासन ने तीनों क्लीनिकों को सील कर दिया।
सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि क्षेत्र में बिना आवश्यक दस्तावेजों के क्लीनिक संचालित किए जाने की शिकायतें प्रशासन को मिली थीं। शिकायतों का संज्ञान लेते हुए मंगलवार को संयुक्त टीम गठित कर जांच कराई गई। जांच में नियमों का पालन नहीं मिलने पर कार्रवाई की गई है।

उन्होंने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। क्लीनिक संचालकों के लिए स्वास्थ्य विभाग के निर्धारित मानकों के अनुसार पंजीकरण कराना और आवश्यक लाइसेंस रखना अनिवार्य है। बिना अनुमति या जरूरी दस्तावेजों के चिकित्सा प्रतिष्ठान संचालित करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि चिकित्सा सेवाएं देने वाले सभी क्लीनिक की नियमित जांच की जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। मंगलवार की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में बिना पंजीकरण अथवा आवश्यक अनुमति के क्लीनिक संचालित करने वालों में हड़कंप मच गया।










