रुद्रप्रयाग में शनिवार सुबह भूकंप के तेज झटके, लोगों में दहशत का माहौल, प्रशासन अलर्ट


रुद्रप्रयाग:- प्रदेश के रुद्रप्रयाग जिले में शनिवार सुबह भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 5.02 दर्ज की गई।

भूकंप के झटके सुबह के लगभग 5:13:17 बजे महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, इसका केंद्र रुद्रप्रयाग से लगभग 10 किलोमीटर पूर्व में स्थित था, जबकि इसकी गहराई धरती से करीब 15 किलोमीटर नीचे दर्ज की गई।
झटके करीब 10 से 15 सेकंड तक महसूस हुए, जिससे लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। सुबह का समय होने के कारण अधिकांश लोग अपने घरों में ही थे, ऐसे में अचानक आए झटकों से दहशत का माहौल पैदा हो गया।
हालांकि राहत की बात यह रही कि अब तक किसी बड़े जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट पर है।
विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तराखंड भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र है, इसलिए ऐसे झटकों के दौरान सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है।









