जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सुशीला तिवारी अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, अव्यवस्थाओं और गंदगी पर जताई कड़ी नाराजगी, स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

हल्द्वानी:- जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने आज गुरूवार को हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया, और चिकित्सालय में अव्यवस्थाओं, गंदगी तथा रैन बसेरे की बदहाल स्थिति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने अस्पताल में छापा मारा। जहां डीएम के अचानक अस्पताल पहुंचने से वहां हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान रेन बसेरे की बदहाल व्यवस्था और गंदगी देखकर जिलाधिकारी भड़क गए उन्होंने अस्पताल प्रशासन को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने वार्डों में पहुंचकर मरीजों का हाल भी जाना। डीएम ने सख्त लहजे में कहा कि क्या हम बच्चों को ऐसे बेड पर रखेंगे? सर्दियों में मरीजों और तीमारदारों को ठंड लगेगी तो उनकी देखभाल कौन करेगा? उन्होंने कहा कि सुशीला तिवारी प्रदेश का नामचीन अस्पताल है, जहां दूर-दराज से मरीज इलाज के लिए आते हैं। ऐसे में उन्हें बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए।
रैन बसेरे की खराब स्थिति और गंदगी को देखकर जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान पी.एम.एस से सवाल किया कि क्या अपने बच्चों को ऐसे बेड पर रखेंगे। निरीक्षण के दौरान कई जगह शीशे टूटे हैं, सर्दी का सीजन है, वैसे भी मरीज संवेदनशील होते हैं, कहीं से कोई मच्छर, मक्खी वगैरह भी न आए चिकित्सालय की सभी व्यवस्थायें दुरुस्त करने के निर्देश दिये साथ ही उन्होंने सर्दियों के मौसम को देखते हुए मरीजों और तीमारदारों के लिए ठंड से बचाव और साफ-सफाई के इंतजाम तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिये।

बाहर की दवाओं पर पूर्ण प्रतिबंध
जिलाधिकारी ने चिकित्सकों को सख्त निर्देश दिए कि मरीजों को जेनेरिक दवायें ही लिखें अस्पताल के बाहर से दवाएं लिखना पूरी तरह बंद किया जाए और अस्पताल में उपलब्ध दवाओं से ही उपचार सुनिश्चित किया जाए, ताकि गरीब मरीजों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ न पड़े।
चिकित्सालय में वार्डों में व्यवस्थायें सुनिश्चित की जाए
जिलाधिकारी ने बाल रोग वार्ड, महिला वार्ड, गायनी वार्ड, जनरल वार्ड, सर्जरी वार्ड, के साथ ही सभी वार्डों का निरीक्षण के साथ ही भर्ती मरीजों से सीधे संवाद किया और उनके उपचार व मिल रही सुविधाओं की वार्ता की। जिलाधिकारी ने कहा सर्दी का मौसम प्रारम्भ हो गया है चिकित्सालय में लाइट, हीटर्स की व्यवस्थायें शीघ्र सुनिश्चित की जाए चिकित्सालय में जिन कक्षों में नमी है उन कक्षों को ठीक करना सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने चिकित्सालय में आउटसोर्स पर कार्यरत स्वच्छता के ठेकेदार को भी हिदायत दी गई कि चिकित्सालय में सैनिटेशन, टॉयलेट्स, बाथरूम्स, फर्श आदि सब ठीक रखे, क्योंकि संक्रमण का खतरा उससे बढ़ता है। मानकों के अनुसार कार्य न होने या नियमों का पालन नहीं होने पर संबंधित ठेकेदारों का लाइसेंस रद्द करने या निलंबित करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा शीघ्र ही राज्य के निर्देशों के पालन हेतु टीम द्वारा निरीक्षण किया जायेगा।
निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, प्राचार्य डा. अजय आर्य, एमएस डा. अरूण जोशी के साथ ही चिकित्सक उपस्थित थे।










